
बाइक की टक्कर से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बीसलपुर। अमरा के पास रविवार शाम बाइक की टक्कर से घायल रामआसरे लाल की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह फेरी लगाकर और मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। उनके निधन से पत्नी और चार बच्चों का सहारा छिन गया। 39 वर्षीय रामआसरे लाल पुत्र ताराचंद्र रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। परिजनों के अनुसार, अमरा के पास उनकी साइकिल की चेन उतर गई। वह चेन चढ़ा रहे थे, तभी पीछे से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
परिजन घायल रामआसरे को 108 एंबुलेंस से बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रामआसरे के परिवार में पत्नी खुशबू, दस वर्षीय बेटा सौरभ, आठ वर्षीय बेटी पिंकी, पांच वर्षीय बेटी नंदनी और दो वर्षीय बेटा आयुष हैं। फेरी और मजदूरी से परिवार की जरूरतें पूरी करने वाले रामआसरे की मौत से परिजन शोक में हैं। थानाध्यक्ष संजीव शुक्ला ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।