
चुराह में पहली बार जिला स्तरीय गांधी जयंती, ‘ग्रामीण स्वराज—लोकतंत्र की बुनियाद’ पर होगी संगोष्ठी
चम्बा, 30 सितम्बर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा द्वारा इस वर्ष जिला स्तरीय कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र चुराह के कोटी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ‘ग्रामीण स्वराज—लोकतंत्र की बुनियाद’ विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने बताया कि चम्बा जिले में पहली बार जिला स्तरीय गांधी जयंती कार्यक्रम चुराह के कोटी में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ग्रामीण स्वराज के विचार आज भी पंचायतों की मजबूती, जनभागीदारी और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण के संदर्भ में प्रासंगिक हैं।
संगोष्ठी में स्वतंत्रता आंदोलन, गांधी जी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत, ग्रामीण स्वराज, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और उनके भारत के सपने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी कर्ण सिंह पठानिया, महासचिव प्रभारी मनमोहन कटोच और महासचिव प्रभारी बलविंदर सिंह बबलू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि गांधी जयंती गांधी जी को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके विचारों को वर्तमान सामाजिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़कर देखने का अवसर भी है। उन्होंने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों, चुराह विधानसभा क्षेत्र के 12 जोन अध्यक्षों, पंचायत कांग्रेस अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों व विभागों के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
कार्यक्रम 2 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, कोटी में आयोजित होगा। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे ग्रामीण स्वराज, स्थानीय स्वशासन और जनभागीदारी के विचारों पर संवाद का अवसर बताया है।
Saach, Chamba | Oct 1, 2026