
*आरोहण वेलफेयर सोसाइटी में "हेल्थ फॉर हैप्पीनेस" विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रेरणादायक सत्र आयोजित *
जगाधरी, 6 जुलाई। आरोहण वेलफेयर सोसाइटी के उल्लास डे-केयर सेंटर (दिव्यांग बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए) में हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप के सहयोग से "हेल्थ फॉर हैप्पीनेस" विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र सिंह साही ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त दिनचर्या, अनियमित खान-पान, देर रात तक जागना तथा फास्ट फूड का बढ़ता चलन अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रहा है। यदि व्यक्ति समय पर भोजन करे, पर्याप्त नींद ले, नियमित व्यायाम करे तथा संतुलित आहार अपनाए, तो वह स्वस्थ एवं सुखी जीवन जी सकता है।
इस कार्यक्रम में लगभग 40 इंटर्न्स तथा आरोहण वेलफेयर सोसाइटी के 20 दिव्यांग लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. गुरलीन एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की सेवानिवृत्त प्राचार्या श्रीमती सरिता जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
संस्था की समन्वयक रेखा ठकराल ने कहा कि आज के समय में युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। देर रात तक जागना, देर से भोजन करना, जंक एवं फास्ट फूड का अधिक सेवन तथा शारीरिक गतिविधियों की कमी युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की सोच एवं जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
रेखा ठकराल ने संस्था की संस्थापक स्वर्गीय डॉ. रितु सोनी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज आरोहण वेलफेयर सोसाइटी जिस उद्देश्य और सेवा-भाव के साथ आगे बढ़ रही है, वह डॉ. रितु सोनी के सपनों का ही विस्तार है। उन्होंने दिव्यांग बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए सम्मान, आत्मनिर्भरता और बेहतर जीवन का जो सपना देखा था, उसे साकार करना ही हम सभी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हम केवल उनके अधूरे सपनों और कार्यों को पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा-भाव के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नरेंद्र सिंह साही को आरोहण वेलफेयर सोसाइटी की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष अनिल सोनी, सचिव भारती कंबोज, समन्वयक रेखा ठकराल, समस्त स्टाफ, इंटर्न्स एवं लाभार्थियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।