Public App Logo
Jansamasya
News
पुलिस
Bjp
National
Police
Bihar
India
कांग्रेस
बीजेपी
Gujarat
मुख्यमंत्री
Congress
Modi
Delhi
Viral
मारपीट
Crime
Dm
Up
अमित_शाह
Bollywood
Breakingnews
Narendramodi
Madhya_pradesh
उत्तरप्रदेश
Pmmodi
Rahulgandhi
यूपी
कानपुर

#नागौर में देसी कट्टा दिखाते समय चली गोली, होटल संचालक घायल; एंबुलेंस पलटने से मौत #सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव में शुक्रवार अलसुबह एक होटल पर देसी कट्टा दिखाने के दौरान अचानक गोली चलने से होटल संचालक गंभीर घायल हो गया। घायल को नागौर से जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन खींवसर के पास एंबुलेंस के सामने अचानक मवेशी आ जाने से वह बेकाबू होकर निर्माणाधीन नाले की दीवार से टकराकर पलट गई। हादसे में घायल होटल संचालक की मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे जोधपुर के भोपालगढ़ क्षेत्र के नांदिया गांव निवासी शराब कारोबारी महिपाल विश्नोई खरनाल स्थित नीलकंठ होटल पहुंचा था। महिपाल और होटल संचालक रामकुमार उर्फ रामदास (40) निवासी बिहार एक-दूसरे के परिचित बताए जा रहे हैं। होटल में खाना खाने के बाद महिपाल ने चाय बनाने के लिए कहा। इसी दौरान उसने जेब से देसी कट्टा निकालकर रामकुमार को दिखाया और अचानक गोली चल गई। गोली रामकुमार के सीने में लगी और कंधे के पास से बाहर निकल गई। गोली लगने के बाद वह होटल में ही गिर पड़ा। घटना के बाद महिपाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर होटल मालिक रामप्रसाद गोदारा भी मौके पर पहुंचे। होटल में काम करने वाले कर्मचारियों ने घायल रामकुमार को एंबुलेंस से नागौर के जलन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर ले जाते समय खींवसर के पास अचानक एक मवेशी एंबुलेंस के सामने आ गया। चालक ने नियंत्रण खो दिया और एंबुलेंस निर्माणाधीन नाले की दीवार से टकराकर पलट गई। हादसे में रामकुमार की मौत हो गई। वहीं एंबुलेंस चालक, होटल मालिक रामप्रसाद और कर्मचारी रणजीत घायल हो गए। तीनों का नागौर के जलन हॉस्पिटल में उपचार जारी है। फायरिंग की सूचना पर एएसपी आसाराम चौधरी के साथ सदर थाना पुलिस, कोतवाली थाना पुलिस, डीएसटी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल का मौका-मुआयना कर फर्श पर मिले खून समेत अन्य साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में खाना परोसने में देरी को लेकर विवाद की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में फिलहाल देसी कट्टा दिखाते समय अचानक गोली चलने की बात सामने आई है। आरोपी महिपाल विश्नोई घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

Bikaner, Bikaner | Aug 7, 2026