
*जलभराव की शिकायत पर एसडीएम ने नाली खुदवाकर कराई जल निकासी, ग्रामीणों को मिली राहत*
मऊ, चित्रकूट। मऊ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुरौंधा के मजरा महादेव का पुरवा में बारिश के पानी से हुए जलभराव की समस्या का उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर निस्तारण कराया। लंबे समय से रास्ते में पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते से निकलते समय कई बार बच्चे और राहगीर फिसलकर गिर चुके थे।
शिकायत मिलने के बाद एसडीएम राम ऋषि रमन ने मौके का निरीक्षण किया। स्थिति को देखते हुए उन्होंने ग्राम प्रधान पहलवान राजपूत को तत्काल बुलाकर जेसीबी मंगाने के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी की मदद से कई घंटे तक अभियान चलाकर जल निकासी के लिए नाली की खुदाई कराई गई। रास्ते में पानी रोकने वाले अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
एसडीएम की मौजूदगी में दोनों ओर नालियों की खुदाई कर जल निकासी का रास्ता तैयार कराया गया। इसके बाद रास्ते पर जमा बारिश का पानी तेजी से निकलने लगा और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समस्या की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होने से उन्हें काफी राहत मिली है।
मौके पर मऊ थाना पुलिस, लेखपाल, ग्राम प्रधान पहलवान राजपूत, समाजसेवी सुशील पांडेय उर्फ बड़का पांडेय सहित ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की सक्रियता से समस्या का मौके पर ही समाधान हुआ।
Mau, Chitrakoot | Sep 15, 2026