
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की पहल से किसानों को मिली बड़ी राहत, शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलने लगा अल्पकालीन ऋण
17 वर्षों बाद ठीकरी सेवा सहकारी समिति में पुनः शुरू हुआ खाद वितरण
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले की सभी सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सुचारु रूप से खाद उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में सोहागपुर विकासखंड की ठीकरी सेवा सहकारी समिति में लगभग 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पुनः खाद वितरण प्रारंभ कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में समिति में अल्पकालीन ऋण वितरण सहित समिति का नियमित व्यवसाय बंद हो गया था, जिससे क्षेत्र के किसानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त सहकारिता द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए समिति के पात्र किसानों के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पकालीन ऋण स्वीकृत कराया गया। साथ ही समिति का निलंबित खाद लाइसेंस बहाल कराया गया, पीओएस (POS) मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा किसानों के ई-विकास पोर्टल पर ई-टोकन बुक कराकर खाद वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई।
इन सभी व्यवस्थाओं के बाद ठीकरी सेवा सहकारी समिति द्वारा 17 वर्षों बाद पुनः खाद वितरण शुरू किया गया। लंबे समय बाद समिति की नियमित गतिविधियां प्रारंभ होने से सदस्य किसानों में खुशी का माहौल है। अब किसानों को स्थानीय स्तर पर ही समय पर खाद उपलब्ध होने के साथ-साथ शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पकालीन कृषि ऋण का भी लाभ मिलने लगा है।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh