
*एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में इकोनोमिक सैल फतेहाबाद की कार्रवाई, दूसरा सह-आरोपी काबू*
*– बिजनेस में मोटा मुनाफा दिलवाने का झांसा देकर करीब एक करोड़ रुपये हड़पने का आरोप*
*– मुख्य आरोपी मलकीत सिंह के बाद अब दूसरे आरोपी गुलाब रबानी को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार*
जाखल, 6 अक्टूबर। बिजनेस में मोटा मुनाफा दिलवाने का झांसा देकर करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में इकोनोमिक सैल फतेहाबाद ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दूसरे आरोपी *गुलाब रबानी पुत्र नुर हसन निवासी पुरन कलियार सरिफ रुड़की जिला हरिद्वार* को काबू कर लिया है। आरोरपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा। इससे पहले पुलिस मामले के मुख्य आरोपी मलकीत सिंह पुत्र मोहर सिंह निवासी गांव सनियाना, जिला फतेहाबाद को गिरफ्तार कर चुकी है।
इकोनोमिक सैल फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक जसवन्त ने बताया कि गुरुद्वारा बस्ती जाखल निवासी दिलबाग सिंह ने शिकायत दी थी कि आरोपियों ने उसे बिजनेस में रकम निवेश करने पर हर महीने अच्छा मुनाफा देने तथा एक वर्ष बाद मूल राशि वापस करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन बेचकर करीब एक करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों तथा नकद के माध्यम से दिए। प्रारंभ में कुछ राशि वापस की गई, लेकिन बाद में शेष रकम व कथित मुनाफा वापस नहीं किया गया।
शिकायत की जांच के बाद थाना जाखल में मुकदमा नंबर 73 दिनांक 06.06.2026, धारा 316(2) व 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में पहले मुख्य आरोपी मलकीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे सह-आरोपी गुलाब रबानी को भी काबू कर लिया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की गहनता से जांच जारी है।