
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज विपिन उच्च विद्यालय परिसर में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी सहित उपस्थित विभिन्न पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जिले के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकाधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम स्थल पर नशामुक्ति अभियान के तहत विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था। जिला पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सेल्फी लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। इसके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होने तथा नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अधीक्षक, मद्य निषेध श्रीमती सीमा चौरसिया, एनईपी श्री पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला खेल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।