
अब मोबाइल से होगा सम्मन का तामिला, पुलिस अधिकारियों को ई-सम्मन ऐप की ट्रेनिंग
#bokaro #BokaroPolice #ESummon #Police #DigitalIndia #Jharkhand
बोकारो: कैंप-2 स्थित एसपी कार्यालय सभागार में सोमवार को ई-सम्मन ऐप के उपयोग को लेकर पुलिस पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता एसपी नाथू सिंह मीणा ने की।
एसपी ने बताया कि ई-सम्मन ऐप के जरिए न्यायालय से जारी सम्मन और कानूनी नोटिसों की इलेक्ट्रॉनिक तामिला मोबाइल के माध्यम से की जा सकेगी। सम्मन की तामिला संबंधित अनुसंधानकर्ता द्वारा की जाएगी।
आईसीजेएस के तहत विकसित इस डिजिटल व्यवस्था से सम्मन भेजने, ट्रैक करने और तामिला की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा सकेगा। इससे पुलिस एवं न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ कानूनी कार्रवाई में लगने वाले समय को भी कम करने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के बाद एसपी नाथू सिंह मीणा ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को ई-सम्मन ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन पूरा करने तथा न्यायालय से प्राप्त सम्मन की समय पर तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण के दौरान मृत्युंजय कुमार ने पुलिस अधिकारियों को ऐप के संचालन और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार समेत विभिन्न थानों के प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Chas, Bokaro | Sep 28, 2026