ईंयारा के युवक की ट्रेन से गिरने की आशंका, नाथवाणा रेलवे ट्रैक पर मिला शव
#बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र स्थित नाथवाणा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका है कि युवक चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे खेतों में काम कर रहे किसानों ने सूरतगढ़-बीकानेर रेलमार्ग पर शव पड़ा देखा और इसकी सूचना नाथवाणा स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लूणकरणसर उपजिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
जीआरपी के हेड कांस्टेबल रामनारायण ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने मृतक की पहचान चिमनाराम पुत्र हरिराम निवासी ईंयारा (बीदासर, चूरू) के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, चिमनाराम अपने ससुराल सूरतगढ़ गया हुआ था और वापस लौटते समय संभवतः चलती ट्रेन से पैर फिसलने के कारण नाथवाणा के पास नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।