
खेड़ापा पुलिस ने पकड़ा शराब से भरा ट्रेलर, मिट्टी के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 550 कार्टून
जोधपुर ग्रामीण। खेड़ापा थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर से 550 कार्टून अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। शराब को चाईना क्ले मिट्टी के नीचे छिपाकर गुजरात के मोरबी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को खेड़ापा थाना पुलिस की टीम थाना परिसर के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नागौर की ओर से आ रहे 22 चक्का ट्रेलर में मिट्टी के नीचे बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रेलर को रुकवाकर जांच शुरू की।
ट्रेलर चालक ने अपना नाम रामचन्द्र पुत्र दलाराम, उम्र 33 वर्ष, निवासी निम्बलकोट, जिला बालोतरा बताया। पूछताछ में चालक ने पहले ट्रेलर में मिट्टी होने की बात कही, लेकिन पुलिस की गहन पूछताछ के बाद मिट्टी के नीचे शराब छिपाकर ले जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मिट्टी हटाकर तलाशी ली तो प्लास्टिक मैटिंग और शीट के नीचे अंग्रेजी शराब एवं बीयर के 550 कार्टून मिले।
शराब के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र चालक के पास नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर चालक रामचन्द्र को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त ट्रेलर भी जब्त कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब मनीष चौधरी पुत्र मानाराम, निवासी चूरू ने ट्रेलर में भरवाई थी और उसे गुजरात के मोरबी पहुंचाने के लिए कहा गया था। पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई महानिरीक्षक जोधपुर रेंज सत्येंद्र सिंह और जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल, वृताधिकारी भोपालगढ़ गुलाबराम, थानाधिकारी खेड़ापा लाखाराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।