
आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में नवनिर्मित व्यायामशाला का लोकार्पण- अब पढ़ाई के साथ फिटनेस पर भी जोर,विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक फिटनेस की सुविधा..
प्रिंस शर्मा रुड़की/हिंदुस्तान समाचार।।
रुड़की के दिल्ली रोड स्थित आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के शारीरिक और सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। विद्यालय में नवनिर्मित आधुनिक व्यायामशाला यानी बल साधना केंद्र का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में अतिथियों ने व्यायामशाला का लोकार्पण किया। वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस नई सुविधा से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, योग और शारीरिक फिटनेस के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। रुड़की के दिल्ली रोड स्थित आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित लोकार्पण समारोह का शुभारंभ संस्कृताचार्य विवेक पाण्डेय और योगेश शास्त्री के निर्देशन में वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, सहप्रबंधक दिनेश पंवार, कर्नल रविन्द्र बंसल और प्रवीण गर्ग ने नवनिर्मित व्यायामशाला यानी बल साधना केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दे रहा है। इसी उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यायामशाला का निर्माण कराया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं स्वस्थ शरीर और मजबूत व्यक्तित्व के साथ आगे बढ़ सकें। वहीं सहप्रबंधक दिनेश पंवार ने कहा कि चरित्रवान बच्चे ही देश की असली निधि हैं। विद्यार्थियों को ज्ञान, योग और भारतीय संस्कृति के संस्कार अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। विद्यालय कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता और फिटनेस को बेहतर बनाने में सहायक होगी। वहीं प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओत-प्रोत प्रतिभाओं का निर्माण कर रहे हैं। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम बनाना है।।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और पूर्णता मंत्र के साथ हुआ। इस दौरान उपप्रधानाचार्य मोहन सिंह मटियानी, भवन प्रभारी जसवीर सिंह पुंडीर, भावना त्यागी, श्रीमती शमा अग्रवाल, आनन्द कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कुल मिलाकर विद्यालय में शुरू हुआ यह बल साधना केंद्र विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ शारीरिक रूप से मजबूत बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।