
मनरेगा के कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण प्रारंभ, ग्राम पंचायतवार कैलेंडर जारी
वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जिले की समस्त जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कराए गए कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण कराया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर, मुरैना द्वारा ग्राम पंचायतवार सामाजिक अंकेक्षण कैलेंडर जारी किया गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव ने बताया कि ग्राम सामाजिक एनीमेटर (व्हीएसए) के माध्यम से ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामाजिक अंकेक्षण विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मनरेगा के अंतर्गत संपादित कार्यों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं के सुचारु संचालन हेतु कलेक्टर द्वारा नोडल अधिकारियों एवं कार्यवाही लेखन अधिकारियों का नामांकन किया गया है। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि कोई नामांकित अधिकारी ग्राम सभा में अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा जिले की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे सामाजिक अंकेक्षण दल को आवश्यक लेखा अभिलेख उपलब्ध कराएं, निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराएं तथा सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया में अपेक्षित सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया में सहयोग नहीं करने अथवा लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में मनरेगा के सामाजिक अंकेक्षण कार्य का संचालन कलेक्टर के आदेशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
#JansamparkMP #Morena #morena2026 #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh