
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल, एक रीवा रेफर
सीधी। बहरी थाना क्षेत्र के पोखरा में तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक बाइक से दूर जा गिरा, जबकि दो अन्य बाइक के नीचे दब गए।
जानकारी के अनुसार, राज कुमार यादव (28), प्राणपति (20) निवासी ग्राम बिलारो, पोस्ट पोखरा, थाना बहरी सहित तीन लोग बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि वे अपने जीजा के दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस जा रहे थे। इसी दौरान पोखरा में सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को बाइक के नीचे से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल सीधी लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
राज कुमार यादव की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा रेफर कर दिया। वहीं अन्य दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।