
शाहनगर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई! करीब डेढ़ किलो जंगली सूअर के मांस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया।
शाहनगर (जिला पन्ना)।
दक्षिण पन्ना वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र शाहनगर की सुनपुरा बीट में वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 किलोग्राम कथित जंगली सूअर के मांस के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को वन कक्ष क्रमांक पी-939 में नियमित गश्त के दौरान वन अमला वन भूमि की सुरक्षा एवं अतिक्रमण की रोकथाम को लेकर समझाइश दे रहा था। इसी दौरान बोरी लेकर गुजर रहा एक व्यक्ति वनकर्मियों को संदिग्ध दिखाई दिया। उसे रुकने के लिए कहने पर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन वन अमले ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम लवकुश आदिवासी, पिता हुकुम आदिवासी, निवासी ग्राम परासी, तहसील शाहनगर बताया। उसके पास मौजूद बोरी की तलाशी लेने पर उसमें मांस के टुकड़े मिले। प्रारंभिक पूछताछ में उसने मांस जंगली सूअर का होना बताया।
मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी राजुल कटारे के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को वन परिक्षेत्र कार्यालय लाकर उप वनमंडलाधिकारी, कल्दा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बयान दर्ज करने के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आपकी राय: वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए क्या वन विभाग को गश्त और निगरानी और मजबूत करनी चाहिए?
शाहनगर एवं आसपास की सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए हमारे फेसबुक पेज Gajendra singh को फॉलो करें।
#Shahnagar #PannaNews #SouthPannaForestDivision #ForestDepartment #WildlifeProtection #वनविभाग #वन्यजीवसंरक्षण #PannaDistrict #BreakingNews #MadhyaPradesh