
नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 428 ग्राम अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
कांगड़ा/नूरपुर 11 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 428 ग्राम अफीम (ओपियम) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा, थाना इंदौरा की टीम द्वारा अंजाम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को पुलिस टीम नियमित गश्त एवं मादक पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से मलकाना चौक पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सुमित ठाकुर नामक व्यक्ति अफीम की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है और उसकी मोटरसाइकिल नंबर HP97B-3331 में नशीला पदार्थ छिपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव मण्ड घण्डरां स्थित वाटर सप्लाई परिसर में दबिश दी। मौके पर दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जब मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, तो उसके फ्यूज बॉक्स में छिपाकर रखी गई 428 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही अफीम को कब्जे में लेकर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित ठाकुर (31 वर्ष), पुत्र नरेन्द्र सिंह, निवासी गांव मलकाना, डाकघर पराल, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद अफीम का स्रोत क्या है और आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। मामले की गहन जांच जारी है।
इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक नूरपुर अल्मा फरोज़ ने करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Chamba, Chamba | Jul 11, 2026