
लूणकरणसर में हिरण की संदिग्ध मौत से हड़कंप,
-शिकार की आशंका पर धरना
-वन विभाग-पुलिस जांच में जुटी
बीकानेर।बीकानेर जिले के लूणकरणसर कस्बे के समीप एनएच-62 पर सुरनाणा गांव स्थित बालाजी नगर के पास सड़क किनारे एक हिरण का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हिरण के पेट में गहरा घाव और गोली जैसे निशान दिखाई देने पर स्थानीय लोगों और जीव प्रेमियों ने शिकार की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और जीव रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल के निकट एक झोपड़ी से हिरण के तीन सींग और अन्य अवशेष मिलने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और वन विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।
मामले को लेकर टाइगर फोर्स और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर ही पोस्टमार्टम करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने समझाइश का प्रयास किया, जबकि एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए राउंडअप किए जाने की भी सूचना है।
वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही हिरण की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, जीव प्रेमियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।