
समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 13 जुलाई 2026
मिशन शक्ति योजना की जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित
आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में मिशन शक्ति योजना अंतर्गत जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) एवं शक्ति सदन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 (09 जुलाई 2026 तक) वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से कुल 62 मामले प्राप्त हुए। जिनमें से 51 मामलों का सफल निष्पादन किया जा चुका है तथा शेष मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी परियोजनावार समीक्षा की गई एवं कम प्रगति वाले प्रखंडों को जिला औसत के अनुरूप प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनवरी 2026 से जून 2026 तक 123 आवेदन प्राप्त हुए, 24 क्षेत्र भ्रमण किए गए। 63 मामलों में सहायता उपलब्ध कराई गई तथा 09 सफलता की कहानियाँ तैयार की गई हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में शक्ति सदन की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 82 संवासिनियों को आश्रय प्रदान किया गया, जिनमें से 80 महिलाओं का सफल पुनर्वास किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 04 महिलाएँ शक्ति सदन में आवासित हैं।
जिला पदाधिकारी ने संवासिनियों के कौशल विकास प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ने की दिशा में समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान मधुदेवी की प्रेरणादायक सफलता की कहानी भी प्रस्तुत की गई। पति के असामयिक निधन के बाद आर्थिक एवं सामाजिक संकट का सामना कर रहीं मधुदेवी ने जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बक्सर से संपर्क किया। DHEW द्वारा उन्हें RSETI में निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण दिलाया गया तथा सामाजिक पुनर्वास कोष के माध्यम से स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। आज मधुदेवी अपना स्वयं का रोजगार संचालित कर रही हैं, अपने दोनों बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित कर रही हैं तथा अन्य महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन चुकी हैं।
यह सफलता मिशन शक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन के सतत प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को महिला सुरक्षा, संरक्षण, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध लाभ पहुँचाने के लिए समन्वित एवं संवेदनशील तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police #BuxarNews #bihar #buxarcity #buxarjila #buxar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jul 13, 2026