
*विश्व पर्यावरण दिवस पर मांझी मंदिर में वृक्षारोपण एवं परिंडा स्थापना कार्यक्रम संपन्न*
#envoiurment #worldenvoiurmentday #udaipur
उदयपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय किसान संघ, वन उत्थान संस्थान उदयपुर एवं मांझी मंदिर भक्तजन परिवार के संयुक्त तत्वावधान में मांझी मंदिर प्रांगण, चांदपोल बाहर में वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं हरित विकास का संदेश देते हुए पीपल, आम, आंवला, कनेर, अमरूद, आसापाल गूलर इत्यादि विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय किसान संघ की गिरवा इकाई द्वारा नाई, बुजड़ा एवं विभिन्न 21 स्थानों पर पक्षियों के लिए परिंडे भी लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी में पक्षियों को जल उपलब्ध कराना तथा जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देना रहा। वन उत्थान संस्थान के अध्यक्ष श्री सुरेश शर्मा द्वारा उदयपुर के आसपास काटी जा रही पहाड़ियों पर रोष व्यक्त करते हुए आव्हान किया कि हमें सब मिलकर अवैध कटाई को रोकने के साथ उदयपुर शहर के आसपास स्थित पहाड़ियों को हरा भरा बनाने के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम से वार्ता कर पहाड़ियों के विकास की योजना तैयार करवानी चाहिए जिससे शहर में पर्यटन विकास को बल मिलेगा एवं स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से डॉ. जगदीश चौधरी, डॉ. के.के. यादव, डॉ. ब्रजगोपाल छिपा, समाजसेवी रविंद्र जी नागदा एडवोकेट भारत कुमावत, भंवर प्रजापत, दिलीप लोहार, सोहन तेली, ललित पालीवाल, रोहित चौबीसा,निर्मल चौबीसा,कुंदन कुमावत, एकलिंगनाथ पालीवाल, अनुराग कुमावत, विनोद कुमावत,,सुरेश शर्मा तथा देवस्थान विभाग की अधिकारी श्रीमती सुमित्रा जी उपस्थित रहे। मांझी मंदिर के भक्तजनों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचत एवं वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
"एक वृक्ष – सौ सुख, हरित पर्यावरण – सुरक्षित जीवन" के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
भारतीय किसान संघ, वन उत्थान संस्थान उदयपुर एवं
मांजी मंदिर सनातन भक्तजन
Girwa, Udaipur | Jun 5, 2026