
विशेष गहन पुनरीक्षण में किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे, पूरी जिम्मेदारी से करें कार्य : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
बूथों पर पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ को दिए सख्त निर्देश, कार्य में लाएं तेजी
मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
घर-घर संपर्क कर समय पर पूरा करें सत्यापन अभियान, हर पात्र नागरिक को मिले मतदान का अधिकार
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को बूथ नंबर 2, 3, 7, 10 और 24 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तहसील कैंप, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) कार्यालय तथा स्टार पब्लिक स्कूल, कैनाल कैंप स्थित मतदान केंद्रों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए और न ही किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में बना रहना चाहिए। यह जिम्मेदारी सीधे तौर पर संबंधित बीएलओ की है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक पहुंच बनाकर वास्तविक सत्यापन सुनिश्चित करें। जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, उनके प्रपत्र समय पर भरवाए जाएं। नए पात्र मतदाताओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए तथा मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं का सत्यापन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि अभियान में तेजी लाते हुए प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करें और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी अधिक सटीक और त्रुटिरहित होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। इसलिए सभी बीएलओ पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा निर्वाचन आयोग के प्रत्येक दिशा-निर्देश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दें ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संबंधित बूथों के बीएलओ एवं कर्मचारी मौजूद रहे।