
'सेवा, संकल्प, समर्पण' के 100 दिन पूर्ण होने पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का जिले भर में हुआ सीधा प्रसारण, विकास एवं जनकल्याण की उपलब्धियों से कराया गया अवगत
The silence media news
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार के 'सेवा, संकल्प, समर्पण' के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का औरंगाबाद जिले के जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर उत्साहपूर्वक सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार द्वारा विगत 100 दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित नगर भवन में किया गया, जिसका उद्घाटन विधायक, रफीगंज प्रमोद कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अध्यक्ष नगर परिषद, औरंगाबाद एवं जिला परिषद अध्यक्षा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि माननीय विधायक रफीगंज का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही अन्य विशिष्ट अतिथियों का भी वरीय जिला पदाधिकारियों द्वारा पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इसके उपरांत माननीय विधायक रफीगंज, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आकाश में गुब्बारे छोड़कर माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार के 'सेवा, संकल्प, समर्पण' के 100 दिन पूर्ण होने का संदेश दिया गया।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकार के प्रथम 100 दिनों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विकसित बिहार के निर्माण के संकल्प को दोहराया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, निवेश, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों तथा भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए पारदर्शी, जवाबदेह एवं संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने औरंगाबाद जिले में विगत 100 दिनों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि सरकार के 100 दिन पूर्ण होने का यह अवसर केवल उपलब्धियों के उत्सव का नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति अपने संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विकास, सुशासन एवं जनकल्याण को नई गति प्रदान की है तथा जिला प्रशासन उन्हीं प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। हाल ही में आदर्श विद्यालय का शुभारंभ होने के साथ जिले में अब कुल 14 आदर्श विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों के शुभारंभ से स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर बढ़े हैं, जिससे विशेष रूप से छात्राओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में औरंगाबाद ने पूरे बिहार में नई पहचान बनाई है। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है तथा टीबी स्क्रीनिंग में निर्धारित लक्ष्य की तुलना में छह गुना से अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई है। यह सफलता सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत जिले के 70 प्रतिशत से अधिक किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिससे किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित होने के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी एवं सरल तरीके से उपलब्ध होगा।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में 'दीदी की रसोई एक्सप्रेस' की शुरुआत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा एवं समृद्धि यात्रा के दौरान घोषित सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से कराया जा रहा है ताकि प्रत्येक घोषणा का लाभ शीघ्र आमजन तक पहुँच सके।
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण, पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना तथा प्रत्येक पंचायत में खेल मैदानों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ग्रामीण युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आज का यह अवसर उन सभी कर्मियों, अधिकारियों एवं नागरिकों के प्रति सम्मान प्रकट करने का भी है, जिन्होंने अपने समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों से इन उपलब्धियों को संभव बनाया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के लाभुकों, टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं, विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मियों तथा प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि विगत 100 दिनों की उपलब्धियाँ प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। जिला प्रशासन भविष्य में भी पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए विकास की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
अपने संबोधन में माननीय विधायक रफीगंज श्री प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अल्प अवधि में जनहित एवं विकास से जुड़े अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका प्रत्यक्ष लाभ राज्य की जनता को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन तथा सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में प्रभावी पहल करते हुए विकास की नई दिशा निर्धारित की है।
उन्होंने औरंगाबाद जिले में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा विकास कार्यों में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से औरंगाबाद विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों, जीविका दीदियों, खिलाड़ियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने सभी सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, जनसहभागिता एवं टीम भावना के बल पर विकसित औरंगाबाद के लक्ष्य को और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान औरंगाबाद जिले की विगत 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) का प्रदर्शन किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
अंत में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव एवं श्रीमती बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद गजाली, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका), विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी, जीविका समूह की दीदियाँ, जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
#thesilencemedianews #abhilashasharmaias #daudnagar #aurangabad #shahidshivshankargupta #औरंगाबाद #samratchaudhary