
13 दिन से लापता भाई, रिपोर्ट के लिए भटक रही बहन ने एसपी से लगाई गुहार
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के धार्मिक स्थल से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर (खुर्जा) से अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करने आई प्रियंका वेदी का 28 वर्षीय भाई नीरज उर्फ पिंटू बीते 19 सितंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पीडि़ता के अनुसार उसका भाई दिमागी रूप से अस्वस्थ है। पिछले 13 दिनों से बहन अपने भाई की तलाश में दर-दर भटक रही है, लेकिन स्थानीय बमीठा पुलिस द्वारा अब तक गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
थाने के चक्कर काटने और केवल आश्वासन मिलने से परेशान होकर पीडि़ता ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी कार्यालय में दिए आवेदन में पीडि़ता ने बमीठा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और भाई की खोजबीन शुरू कराने की मांग की है। बाहरी राज्य से होने के कारण पीडि़ता को क्षेत्र की जानकारी न होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाई का कोई सुराग न मिलने पर बेबस बहन ने सोशल मीडिया और आम जनता से भी मदद की गुहार लगाई है। पीडि़ता ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति उसके गुमशुदा भाई नीरज उर्फ पिंटू को ढूंढकर लाएगा या उसके संबंध में सही जानकारी देगा, उसे परिवार की ओर से 5,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। फिलहाल एसपी कार्यालय से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।