
सास की हत्या के मामले में बेटा-बहू गिरफ्तार, पुलिस ने किया वारदात का खुलासा
फलोदी। सांवरिज गांव में मांगीदेवी की हत्या के मामले में फलोदी थाना पुलिस ने उसके बेटे और बहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सास-बहू के बीच आपसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि गंभीर अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फलोदी पुलिस ने यह कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और वृताधिकारी अचलसिंह देवड़ा के निर्देशन में थानाधिकारी नरेश कुमार निर्वाण के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
बेटी की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार रामदेवनगर एका भाटियान निवासी पुष्पा पत्नी गवराराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उसने आरोप लगाया कि उसकी मां मांगीदेवी की हत्या उसके भाई मुकेश और उसकी पत्नी सदू ने मिलकर की है। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी एवं मानवीय सूचना जुटाई। जांच के बाद पुलिस ने सांवरिज निवासी मुकेश पुत्र बंशीलाल (32) और उसकी पत्नी सदामी उर्फ सदू (27) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के मामले में वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है।