
#बालाघाट
कुटकी उत्पादन को बढ़ावा: गोवारी के किसान यशवंत वरकड़े को वितरित किया गया उन्नत बीज
बालाघाट जिले में मोटे अनाज (श्रीअन्न) के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में बैहर तहसील के ग्राम गोवारी निवासी कृषक यशवंत वरकड़े को कृषि विभाग की ओर से कुटकी का उन्नत बीज वितरित किया गया।
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि किसानों को जलवायु अनुकूल एवं कम लागत वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा किसान यशवंत वरकड़े को कुटकी बीज उपलब्ध कराया गया, ताकि वे खरीफ मौसम में इसकी वैज्ञानिक खेती कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि कुटकी एक पोषक तत्वों से भरपूर श्रीअन्न फसल है, जिसकी बाजार में लगातार मांग बढ़ रही है। यह कम वर्षा वाले क्षेत्रों में भी अच्छी पैदावार देने वाली फसल है तथा कम लागत में किसानों को बेहतर लाभ दिलाने में सहायक सिद्ध होती है। शासन द्वारा भी श्रीअन्न फसलों के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बीज वितरण के साथ किसान को कुटकी की वैज्ञानिक खेती, बीज उपचार, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन संबंधी तकनीकी जानकारी भी प्रदान की। किसानों से अपील की गई कि वे कृषि विभाग के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकों को अपनाकर श्रीअन्न फसलों का रकबा बढ़ाएं और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। कृषि विभाग ने विश्वास व्यक्त किया कि उन्नत बीज एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने से जिले में कुटकी उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi