
प्रमंडल स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में सीतामढ़ी का शानदार प्रदर्शन
बालिका टीम प्रथम, बालक टीम ने हासिल किया द्वितीय स्थान
मुजफ्फरपुर, 6 अक्टूबर 2026। प्रमंडल स्तरीय वुशु प्रतियोगिता 2026 में सीतामढ़ी जिले की अंडर-19 बालक एवं बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में सीतामढ़ी की बालिका टीम ने प्रमंडल में प्रथम स्थान, जबकि बालक टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में सीतामढ़ी की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-45 किग्रा वर्ग में नंदनी कुमारी, अंडर-48 किग्रा में लक्ष्मी कुमारी, अंडर-52 किग्रा में रानी लक्ष्मी तथा अंडर-60 किग्रा में श्रेया राज ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अंडर-56 किग्रा वर्ग में आराध्या यादव ने रजत पदक प्राप्त किया।
बालक वर्ग में भी सीतामढ़ी के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। उत्सव कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं विक्रम कुमार, अमित कुमार एवं अमिताभ कुमार ने रजत पदक हासिल किए। आलोक कुमार एवं अभिजीत कुमार ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
सीतामढ़ी की बालिका टीम का प्रमंडल में प्रथम तथा बालक टीम का द्वितीय स्थान प्राप्त करना जिले में वुशु खेल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं खेल जगत में खुशी की लहर है।
इस शानदार उपलब्धि पर सीतामढ़ी वुशु संघ के अध्यक्ष डॉ. क्रिस्टोफर राज, सचिव संजय कुमार, सह-सचिव शशि भूषण झा तथा दल प्रभारी सुबोध कुमार एवं दिव्यांशु कुमार ने पूरी टीम को बधाई दी। संघ के वरीय खिलाड़ियों प्रमोद कुमार, मोहम्मद आजम, अकरम खान, चंदन कुमार राम एवं चंदन कुमार ने भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं खेल पदाधिकारी मोहम्मद इस्लाम एवं ताइक्वांडो के अध्यक्ष साकेत कुमार ने भी सीतामढ़ी की टीम को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
सीतामढ़ी के खिलाड़ियों की इस सफलता ने जिले के खेल जगत में एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन की मेहनत से आने वाले समय में सीतामढ़ी के वुशु खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जगा रहे हैं।#Photography
#PhotoOfTheDay
#PicOfTheDay