
सोनभद्र में 77.65 किमी फोरलेन सड़क की तैयारी: अनपरा से अधौरा तक ट्रैफिक से मिलेगी राहत, 4 नए बाईपास भी बनेंगे
सोनभद्र। सोनभद्र जिले में अनपरा से उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा पर स्थित विद्यमगंज (अधौरा) तक आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लगभग 77.65 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण की बड़ी योजना पर काम चल रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल कराने की कवायद तेजी से जारी है, जिसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
कस्बों को जाम से मिलेगी मुक्ति, बनेंगे 4 प्रमुख बाईपास
स्थानीय कस्बों के भीतर दिन-रात रहने वाले भारी वाहनों के दबाव और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट में चार नए बाईपास के निर्माण को शामिल किया गया है। बाईपास बनने से लंबी दूरी का व्यावसायिक और भारी यातायात कस्बों के बाहर से ही गुजर जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
परियोजना की मुख्य विशेषताएं:
अनपरा बाईपास: 8.245 किलोमीटर
रेणुकूट बाईपास: 14.35 किलोमीटर
दुद्धी बाईपास: 8.550 किलोमीटर
विद्यमगंज बाईपास: 4.00 किलोमीटर
हथीनाला पुनर्सरेखन (Realignment): हथीनाला क्षेत्र में 5.992 किलोमीटर लंबे मोड़दार व दुर्गम हिस्से के पुनर्सरेखन का भी विशेष प्रावधान किया गया है।
आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार
अनपरा, रेणुकूट और आसपास के क्षेत्रों में स्थित प्रमुख औद्योगिक इकाइयों, बिजली घरों और खदानों के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। फोरलेन सड़क और बाईपास बनने से न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि अंतरराज्यीय परिवहन (उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश) को भी एक नया आयाम मिलेगा। स्वीकृति प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द ही धरातल पर काम शुरू होने की उम्मीद है।