भीषण गर्मी में परिषदीय विद्यालयों का समय 12:30 बजे तक करने की मांग, बीएसए को सौंपा ज्ञापन
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने भीषण उमस और गर्मी को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों का संचालन समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष ऋषिकान्त पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि वर्तमान में स्कूलों का समय दोपहर 2 बजे तक है, जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। विद्यालयों में गर्मी से बचाव के पर्याप्त संसाधन न होने से बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ रही है। शिक्षकों ने पूर्ववत समय लागू करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में रत्नाकर दीक्षित, भुवनेश गुप्ता, सचिन मिश्रा, अरविन्द वर्मा एवं संजीव दीक्षित उपस्थित रहे।