
योग से नशामुक्ति का संदेश- नशे से दूरी, योग जरूरी,स्वामी विवेकानंद कॉलेज में हुआ अतिथि व्याख्यान,युवाओं को किया जागरूक,विद्यार्थियों को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश,नशामुक्त समाज बनाने पर दिया जोर..
प्रिंस शर्मा/रुड़की हिंदुस्तान समाचार।।
रुड़की के स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन में युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से योग विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के नशा विरोधी प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में योग के महत्व, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों और नशामुक्त समाज के निर्माण में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन नशा विरोधी प्रकोष्ठ के संयोजक सुनील कुमार ने किया। मुख्य वक्ता सतीश कुमार सैनी ने योग के विभिन्न आयामों और नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सुनील कुमार ने योग को नशामुक्त जीवनशैली से जोड़ते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है। योग तनाव कम करने, आत्मनियंत्रण विकसित करने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के लिए योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में डॉ. रेनू कुमारी, डॉ. गौरव गोयल, डॉ. रवि प्रकाश और राम कुमार चौधरी ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक तनाव कम करने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में सहायक है। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।