
आपातकाल (Emergency) के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन
आज भाजपा के पंचकूला जिला कार्यालय पंचकमल में आपातकाल (Emergency) के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से यमुनानगर के विधायक एवं पंचकूला विधानसभा के प्रभारी घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिला महामंत्री जय कौशिक, जिला उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा तथा जिला मीडिया प्रमुख चंदन उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय था। उस दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला गया तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रम की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के प्रति जागरूकता बनी रहे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारियों ने 25 जून को आयोजित होने वाले “काला दिवस” कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया तथा लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को नमन किया।