प्रतापगढ़ की बेटी कविता चौरसिया ने रचा इतिहास, DSSSB प्रवक्ता (हिन्दी) परीक्षा में प्रथम रैंक हासिल
#प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ की होनहार बेटी एवं इब्राहीमपुर, पट्टी निवासी शोध छात्रा कविता चौरसिया ने दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) द्वारा आयोजित प्रवक्ता (हिन्दी) भर्ती परीक्षा में प्रथम रैंक प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। कविता चौरसिया वर्तमान में प्रयागराज स्थित हिन्दी विभाग में विभागाध्यक्ष प्रो. भूरेलाल के मार्गदर्शन में शोध कार्य कर रही हैं। इससे पूर्व वह स्नातक स्तर पर स्वर्ण पदक भी प्राप्त कर चुकी हैं। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, पति तथा अपने सहपाठियों और शुभचिंतकों को दिया। कविता की इस ऐतिहासिक सफलता पर परिजनों, मित्रों एवं समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। चौरसिया समाज के जिला अध्यक्ष शिव चौरसिया एवं तहसील अध्यक्ष अमित कुमार चौरसिया (एडवोकेट) सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
#pratapgarh #pratapgarh_up_72 #pratapgarhnews #chaurasiyasamaj