बिहार के समस्तीपुर में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढ़िया मछली मंडी के पास एनएच-28 पर छापेमारी कर गिट्टी लदे 12 चक्का ट्रक से करीब 459 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। तस्करों ने शराब की खेप को गिट्टी के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो।
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान गिट्टी के बीच छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। मौके से ट्रक के ड्राइवर रविन कुमार (26) और खलासी मोहम्मद रहमत को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार ड्राइवर समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि खलासी अंगारघाट थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने ट्रक भी जब्त कर लिया है। अब उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी।