
स्वराज आश्रम के संरक्षण के लिए एमएलसी देवेश कुमार ने दी ₹1.49 लाख की सहायता
मुजफ्फरपुर, पारू प्रखंड के ऐतिहासिक स्वराज आश्रम, कमलपुरा के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य एवं मिजोरम प्रभारी देवेश कुमार ने अपनी विधायक निधि से स्वराज आश्रम के संरक्षण कार्य के लिए ₹1,49,999 की आर्थिक सहायता प्रदान की।
पटना में पारिवारिक मुलाकात के दौरान देवेश कुमार ने यह सहयोग पारू निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रानू शंकर को सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वराज आश्रम, कमलपुरा न केवल विरासत धरोहर के रूप में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह वर्ष 1918 में महान किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती द्वारा प्रारंभ किए गए 'मुठिया आंदोलन' का भी ऐतिहासिक साक्षी रहा है। स्वतंत्रता सेनानी बाबू यमुना कार्जी, राधामोहन सिंह और मुचकुन बाबू जैसे महान विभूतियों का इस आश्रम से गहरा संबंध रहा है।
उल्लेखनीय है कि देवेश कुमार महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात पत्रकार बाबू यमुना कार्जी के पौत्र हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
सहायता राशि मिलने पर रानू शंकर ने देवेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से स्वराज आश्रम के संरक्षण और इसके ऐतिहासिक महत्व को पुनर्जीवित करने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
Bihar, India | Jul 18, 2026