
बहराइच: विशेष सचिव निधि श्रीवास्तव ने आकांक्षी ब्लॉक हुजूरपुर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं पाईं दुरुस्त
बहराइच जनपद के दो दिवसीय भ्रमण पर आईं उत्तर प्रदेश शासन की राज्य कर विशेष सचिव श्रीमती निधि श्रीवास्तव ने दूसरे दिन आकांक्षी विकास खंड हुजूरपुर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों और विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखी तथा विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान आरोग्य मंदिर खुला मिला। हड़ताल के कारण सीएचओ व एएनएम अनुपस्थित थीं, लेकिन आशा और आशा संगिनी मौजूद मिलीं। विशेष सचिव ने गर्भवती व धात्री महिलाओं से वार्ता कर स्वास्थ्य सेवाओं, जांच, दवाओं व टीकाकरण का फीडबैक लिया, जिस पर लाभार्थियों ने संतुष्टि जताई। आशा डायरी का विवरण भी अद्यतन (अपडेटेड) पाया गया।
एसबीआई और पीएसआई के सहयोग से अपग्रेड किए गए प्रसव कक्ष, वार्ड, अल्ट्रासोनोग्राफी कक्ष, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और कोल्ड चेन कक्ष का निरीक्षण किया गया। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रताप गौतम द्वारा अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। मरीजों व तीमारदारों ने अस्पताल की सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
विशेष सचिव ने विकास खंड कार्यालय हुजूरपुर, बीआरसी हुजूरपुर, बसंतपुर स्थित संविलियन विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, आरआरसी सेंटर, पंचायत भवन और बीज वितरण केंद्र का भी जायजा लिया।
भ्रमण के उपरांत विशेष सचिव ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व विभागीय अधिकारियों के साथ आकांक्षी ब्लॉक के सूचकांकों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य औसत से नीचे प्रदर्शन वाले सूचकांकों में सुधार कर त्वरित प्रगति लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने विशेष सचिव को आश्वस्त किया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र ही अपेक्षित सुधार व प्रगति हासिल कर ली जाएगी।