
पंचकूला में श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने दिए 5 बड़े संदेश
अग्रसेन भवन में देश के वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के सानिध्य में आयोजित 2 दिवसीय श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ बुधवार को पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ आरंभ हुआ। यज्ञ का उद्देश्य "देश की प्रगति, विश्व शांति और गरीब कल्याण" रखा गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ के संयोजक हैं।
महायज्ञ का शुभारंभ स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
महायज्ञ का शुभारंभ वाराणसी से पधारे प्रकांड विद्वानों और आचार्यों ने मंत्रोच्चार के साथ करवाया। इसके साथ ही हजारों सुहागिन महिलाओं और श्रद्धालुओं का सामूहिक पूजन भी किया गया। वातावरण वैदिक मंत्रों और भक्तिमय गीतों से गूंजता रहा।
स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के 5 बड़े संदेश
महायज्ञ के आरम्भ पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने देश और समाज के नाम कई महत्वपूर्ण संदेश दिए।
राष्ट्र प्रथम" का मंत्र: उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि "राष्ट्र प्रथम है फिर व्यक्ति का निजी जीवन है।" उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत के युवाओं को सनातन धर्म के सिद्धांतों पर चलते हुए भारत माता के वैभव और गौरव के लिए श्रमदान करना चाहिए।
सांस्कृतिक एकता: उन्होंने आदि गुरु शंकराचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम करना होगा। "हमारे बीच मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए"।
मथुरा में कृष्ण मंदिर की मांग: सबसे बड़ा बयान देते हुए स्वामी जी ने कहा, "अयोध्या में प्रभु राम का भव्य मंदिर बन गया है। अब समय आ गया है कि मथुरा स्थित जन्मभूमि पर भगवान कृष्ण का भी भव्य मंदिर बने।" उन्होंने देश के सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से मथुरा में मंदिर निर्माण के लिए प्रयास करने की अपील की।
देशव्यापी अभियान का एलान: उन्होंने घोषणा की कि अब कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के हर जिले में माता ललिता के महायज्ञ का आयोजन करने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी जी के नेतृत्व में सनातन धर्म के प्रसार का अभूतपूर्व काम हो रहा है। हरियाणा सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग के कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवार ने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी जी को निर्बल वर्ग के विकास और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने कहा कि देश में कुछ ताकतें भारत को कमजोर करने के लिए नौजवानों को बांटने का प्रयास कर रही हैं। हमें 2047 से पहले भारत को विश्व शक्ति बनाना है। पंजाब हरियाना एवं चंडीगढ़ हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज भी महायज्ञ में शामिल हुए।
कार्यक्रम में युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, आचार्य शेषनाथ तिवारी, मुकेश पांडे, शिवपाल यादव, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित थे। आयोजकों ने बताया कि इस यज्ञ से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का संदेश गया है।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia