बदड़ीहा चौक पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर मौत।
गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदड़ीहा निवासी दो युवकों की सड़क हादसे में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सूरज तुरी, पिता प्रकाश तुरी, उम्र लगभग 22 वर्ष और तुलसी दास, पिता स्वर्गीय गुरुदास, उम्र लगभग 28 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों बदड़ीहा के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गुजियाडीह गए हुए थे। पार्टी से वापस लौटने के दौरान रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच बदड़ीहा चौक पर एक ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर डुमरी की ओर फरार हो गया। घटना के बाद दोनों युवकों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।