
रेवाड़ी के आर्यन यादव को मिलेगा इंटरनेशनल ग्लोरी अवॉर्ड 2026, एशियन कैडेट कप में स्वर्ण जीतकर बढ़ाया देश का मान
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
जिले के गांव बास बिटोड़ी निवासी और उभरते हुए फेंसिंग खिलाड़ी आर्यन यादव का चयन प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल ग्लोरी अवॉर्ड-2026’ के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान एशियन कैडेट कप-2025 में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने के लिए प्रदान किया जाएगा।
वर्तमान में आर्यन यादव स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां वे अपनी फेंसिंग प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
यह सम्मान समारोह 1 सितंबर को मुंबई में आयोजित किया जाएगा, जहां बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन आर्यन यादव को सम्मानित करेंगे। समारोह के दौरान उन्हें देश की नामचीन हस्तियों, दिग्गज अभिनेताओं, उद्योगपतियों और राजनेताओं के साथ डिनर करने का भी अवसर मिलेगा।
खेल श्रेणी में पूरे देश से केवल आर्यन यादव का ही चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया है। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने की उपलब्धि को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
आर्यन यादव ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता अवीश कुमार, माता पूनम और गांववासियों को दिया है। उनके चयन की खबर से गांव बास बिटोड़ी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
"कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले आर्यन यादव अब इंटरनेशनल ग्लोरी अवॉर्ड-2026 से सम्मानित होंगे। उनके चयन से पूरे रेवाड़ी जिले में खुशी की लहर है।"
Rewari, Rewari | Jun 23, 2026