खेलते-खेलते डिग्गी में गिरी सात वर्षीय मासूम,
डूबने से मौत
बीकानेर।श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिग्गा की रोही में आज मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बालिका की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बिग्गा निवासी हेमाराम पुत्र जेठाराम नायक ने मर्ग रिपोर्ट में बताया कि उनकी सात वर्षीय पुत्री ज्योति मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खेत के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह पास में बनी पानी की डिग्गी में गिर गई। खेत में कार्य कर रहे उसके चाचा जयपाल ने बालिका को बाहर निकालकर तत्काल गांव लाया और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उप जिला अस्पताल श्रीडूंगरगढ़ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।