
*पीथास में तेजाजी का दो दिवसीय मेला 4 से शुरू*
*121 वर्षों से चली आ रही मेले की परंपरा*
पीथास :बृजमोहन सुवालका
पीथास मांडल तहसील के पीथास ग्राम में लोकदेवता वीर तेजाजी का दो दिवसीय पारंपरिक मेला 4 अक्टूबर रविवार से श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ शुरू होगा। मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है तथा आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है l 4 अक्टूबर की रात्रि को गांव के प्रमुख मार्गों से तेजाजी महाराज के ध्वज की भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। निशान यात्रा में अलगोजा एंड पार्टी द्वारा भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद तेजाजी महाराज के थानक पर परंपरानुसार जमाने के संकेत दिए जाएंगे।
वहीं 5 अक्टूबर की रात्रि को ‘एक शाम तेजाजी के नाम’ विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें अंबालाल सालवी एंड पार्टी द्वारा बगड़ावत की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
मेले के दौरान तेजाजी महाराज के स्थल को आकर्षक विद्युत सजावट एवं रंग-बिरंगी रोशनी से विशेष रूप से सजाया जाएगा। रात्रि के समय पूरा तेजाजी मेला चौक आकर्षक रोशनी और सजावट से जगमगाता नजर आएगा। तेजा दशमी के अवसर पर तेजाजी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले के दौरान पेयजल एवं सफाई व्यवस्था ग्राम पंचायत की ओर से की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि पीथास में पिछले 121 वर्षों से लगातार तेजाजी के मेले की परंपरा चली आ रही है।
मेले के पुजारी जगदीश रावणा राजपूत ने बताया कि मेले में पीथास सहित आसपास के करीब दस गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालु इस अवसर पर व्रत रखकर वीर तेजाजी महाराज से जहरीले जीव-जंतुओं से सुरक्षा तथा परिवार की सुख-समृद्धि की मनोकामना करते हैं।