
2019 में 3.52 लाख वोट पाने वाले बसपा नेता अरशद सिद्दीकी का निधन
बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता, धौरहरा लोकसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 में बसपा-सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी रहे तथा बीएन डिग्री कॉलेज के चेयरमैन जनाब अरशद सिद्दीकी के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक जगत में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।
अरशद सिद्दीकी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में धौरहरा संसदीय क्षेत्र से गठबंधन प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। उन्होंने लगभग 3,52,254 मत प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया था, जिससे क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और मजबूत जनाधार का पता चलता है।
स्वर्गीय अरशद सिद्दीकी पूर्व सांसद स्वर्गीय इलियास आजमी के सुपुत्र थे और अपने पिता की राजनीतिक तथा सामाजिक विरासत को आगे बढ़ा रहे थे। उन्होंने शिक्षा, समाजसेवा और जनहित के कार्यों को हमेशा प्राथमिकता दी। बीएन डिग्री कॉलेज के माध्यम से उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और हजारों विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
उनकी पहचान एक सरल, मिलनसार, ईमानदार और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में थी। क्षेत्र के गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए वह सदैव तत्पर रहते थे। यही कारण रहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर विभिन्न दलों के नेताओं और आम लोगों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उनके निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र एक ऐसे जनप्रिय व्यक्तित्व से वंचित हो गया है, जिसने अपने व्यवहार, सेवा और समर्पण से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था।