
14 अक्टूबर को देवेंद्र माझी का शहादत दिवस, श्रद्धांजलि सभा की तैयारी में जुटा झामुमो
विधायक जगत माझी ने सोनुआ-गोइलकेरा में कार्यकर्ताओं संग की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
चाईबासा। जल, जंगल और जमीन आंदोलन के पुरोधा शहीद देवेंद्र माझी के शहादत दिवस को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सोनुआ और गोइलकेरा के वन विश्रामागार में झामुमो प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी मुख्य रूप से शामिल हुए।
बैठक के दौरान 19 सितंबर को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। विधायक जगत माझी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया। इसके बाद 14 अक्टूबर को होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक जगत माझी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से श्रद्धांजलि सभा में अनुशासित तरीके से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संभावित भीड़ को देखते हुए जिम्मेदार पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता सुबह 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएं। साथ ही शहीद देवेंद्र माझी के साथ आंदोलन में शामिल रहे बुजुर्गों और पुराने साथियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने का प्रयास किया जाए।
जगत माझी ने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि शहीद देवेंद्र माझी के विचारों और उनके संघर्ष को याद करने का भी दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा को लेकर आगे भी बैठकें आयोजित की जाएंगी और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
गोइलकेरा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मुखिया उदय चेरेवा, सुखमती बानरा और हरीश बोदरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं सोनुआ की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, डॉक्टर महतो, अजय किशोर दास, सोहन माझी, अमर सिंह चाकी, जानकी हेम्ब्रम, यदुपति प्रधान, संजय जामुदा, हरिनारायण दास, अमीन माझी, सुनील दास और रामप्रेस महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#DevendraMajhi #JMM #JagatMajhi #ChaibasaNews #Goilkera #Sonua #JharkhandNews #ShaheedDevendraMajhi #JharkhandMuktiMorcha #ChhotanagpurLive #ChhotanagpurLiveNews #देवेंद्र_माझी #जगत_माझी #झामुमो #चाईबासा_समाचार