
#अखिलेश यादव 9 अक्टूबर को आएंगे बलिया, सिकन्दरपुर में रामगोविंद चौधरी को देंगे श्रद्धांजलि
बलिया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 9 अक्टूबर को बलिया दौरे का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव शुक्रवार को सिकन्दरपुर पहुंचेंगे और गोसाईंपुर जाकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री स्व. रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों से शोक-संवेदना व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव सुबह 10 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से रवाना होंगे और 11 बजे आजमगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से 11:15 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर 11:45 बजे सिकन्दरपुर स्थित चेतन किशोर मैदान के हेलीपैड पर पहुंचेंगे।
दोपहर एक बजे सिकन्दरपुर हेलीपैड से कार द्वारा गोसाईंपुर के लिए रवाना होंगे और 1:15 बजे वहां पहुंचकर स्व. रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 1:45 बजे गोसाईंपुर से रवाना होकर दो बजे सिकन्दरपुर हेलीपैड पहुंचेंगे।
अखिलेश यादव दोपहर 2:15 बजे हेलीकॉप्टर से सिकन्दरपुर से देवरिया के लिए रवाना होंगे। 2:45 बजे वह लार थाना क्षेत्र के ग्राम खरसा स्थित दर्शन इंटर कॉलेज के हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, जहां पूर्व विधायक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष देवरिया स्व. सुरेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
यह संशोधित कार्यक्रम फैक्स संख्या 104, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर 5 अक्टूबर को जारी किया गया है। कार्यक्रम की सूचना सुरक्षा एवं प्रशासन से जुड़े अधिकारियों समेत बलिया, देवरिया, आजमगढ़ और गोरखपुर के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।