
गौरीफंटा बॉर्डर पर नेपाल जा रहे ट्रक की कस्टम जांच, चने की दाल के बिल में काली मिर्च, कपड़ा व हार्डवेयर होने की चर्चा
पलियाकला/गौरीफंटा (लखीमपुर खीरी)। भारत-नेपाल सीमा स्थित गौरीफंटा लैंड कस्टम स्टेशन पर बीते दिनों नेपाल जाने वाले एक ट्रक की जांच के दौरान मामला चर्चा का विषय बन गया। कस्टम अधिकारियों को ट्रक के माल पर संदेह होने के बाद पूरा माल उतरवाकर जांच कराई गई।
सूत्रों के अनुसार, ट्रक के दस्तावेजों में लगभग 21 टन चने की दाल दर्ज थी, जिसकी कीमत करीब ₹60 प्रति किलोग्राम दर्शाई गई थी। जबकि संबंधित ट्रक 12 चक्का (वाहन संख्या: RJ 11 GC 2105) बताया जा रहा है, जिसकी क्षमता लगभग 25 टन है।
जानकारी के अनुसार, यह खेप दिल्ली सप्लाई चेन मैनेजमेंट नामक फर्म से नेपाल के भाग्यलक्ष्मी योगी, काठमांडू के लिए भेजी जा रही थी। सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान ट्रक में चने की दाल के अलावा काली मिर्च, हार्डवेयर सामग्री और कपड़ा भी मिला। यह भी चर्चा है कि ट्रक में करीब चार टन अतिरिक्त माल था, जिसमें लगभग 20 बोरे काली मिर्च, कपड़े के थान और हार्डवेयर का सामान शामिल है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि नेपाल की उक्त फर्म का नाम पहले भी चर्चा में आ चुका है। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व सुनौली बॉर्डर पर कस्टम विभाग ने इसी फर्म से जुड़े एक मामले में जांच के दौरान कथित रूप से कई टन काजू बरामद किया था।
हालांकि, दूसरे दिन शाम तक कस्टम विभाग द्वारा इस मामले में जब्ती (सीजर) की आधिकारिक प्रति जारी नहीं की गई थी, जिसके चलते बरामद माल और उसकी मात्रा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सीजर रिपोर्ट सार्वजनिक न होने से सीमा क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। #Facebookviralreels #followers #dineshkhbarnepal