
सरायकेला में सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान, ब्रेकडाउन वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टिव टेप
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ शुक्रवार को विशेष यातायात अभियान चलाया गया। यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना रहा।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने पाया कि कई ट्रक और भारी वाहन खराब होने के बाद मुख्य सड़क पर ही खड़े रहते हैं। खासकर रात के समय ऐसे वाहनों में पर्याप्त रोशनी या सिग्नल की व्यवस्था नहीं होने के कारण पीछे और सामने से आने वाले वाहन चालकों को दूर से खड़े वाहन दिखाई नहीं देते हैं। इससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने ऐसे ब्रेकडाउन वाहनों को चिन्हित किया, जिन्हें तत्काल सड़क से हटाना संभव नहीं था। इन वाहनों के आगे, पीछे और दोनों तरफ रेडियम यानी रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया, ताकि रात के समय दूर से आने वाले वाहन चालकों को खड़े वाहन आसानी से दिखाई दे सकें और वे समय रहते अपनी गति नियंत्रित कर सकें।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन खराब होने की स्थिति में उसे यथासंभव मुख्य सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें। यदि सड़क से हटाना संभव नहीं हो तो हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टिव संकेतक का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर खराब वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों को भी सतर्क और जिम्मेदार होने की जरूरत है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
#Saraikela #TrafficPolice #RoadSafety #TrafficRules #SaraikelaNews #JharkhandNews #RoadAccident #HeavyVehicles #ChhotanagpurLive