
चोरों का दुस्साहस, गेट का ताला काट उड़ाई ट्रैक्टर-ट्रॉली, जांच में जुटी पुलिस।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला परसा पंचायत के डुमरिया गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने बेखौफ अंदाज में घर के मुख्य गेट का ताला काटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्ती पर भी सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परवेज आलम, पिता मकबूल अहमद, निवासी डुमरिया वार्ड संख्या 7 ने मझौलिया थाना में आवेदन देकर बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने उनके घर के बाउंड्री गेट की ग्रिल का ताला काट दिया और दरवाजे पर खड़ी आयशर 480 ब्लू कलर की ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर फरार हो गए। चोरी गई ट्रॉली का पंजीकरण संख्या BR-05GC-2958 बताया गया है। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गई ट्रॉली की बरामदगी की मांग की है।
मामले को लेकर मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर जाँच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।