बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज 25 नवंबर को होने जा रही है। पटना जिले के बाढ़ स्थित उनके पैतृक गांव नदवां में शादी की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह ने भव्य इंतजाम किए हैं। शादी में करीब 5 लाख लोगों के खाने की व्यवस्था की गई है।
शादी समारोह को लेकर अनंत सिंह खुद सुबह से ही तैयारियों का जायजा लेते नजर आए। मेहमानों के लिए 24 घंटे हलवाई मिठाइयां और तरह-तरह के पकवान तैयार कर रहे हैं। खास तौर पर लाखों की संख्या में गुलाब जामुन और रसगुल्ले बनवाए जा रहे हैं। वहीं, वीआईपी मेहमानों के आने के लिए हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं।
शादी में सुरक्षा के लिए करीब 3 हजार बाउंसर तैनात किए गए हैं, जबकि प्रशासन की ओर से 500 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा शादी से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। इस भव्य समारोह में कई राजनीतिक हस्तियों और चर्चित चेहरों के पहुंचने की संभावना है। शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है।