सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भरवाड़ा के वार्ड 9 में एक महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। महिला को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने पुत्र के साथ कमरे में सो रही थी। बिजली कटने के बाद गर्मी के कारण पति कमरे से बाहर चले गए थे। अचानक महिला को किसी चीज के काटने का एहसास हुआ। उसी समय उसके पुत्र की नींद खुली और दोनों ने देखा कि एक विषैले सांप ने उसे काट लिया था। इसके बाद घर में अफरातफरी मच गई और परिजन महिला को तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे।
मृतका के परिवार में दो बेटे, एक बेटी
मृतक महिला की पहचान अनिल झा की 45 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई है। देर रात शव को घर लाया गया। मुन्नी देवी के एक विवाहित पुत्री और दो अविवाहित पुत्र हैं, जिनके नाम निर्भय झा और मनोहर झा हैं। बताया गया है कि मनोहर झा मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं।