
देवघर में बाइक और मोबाइल लूटकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, दो आरोपी गिरफ्तार। SDPO ने की पुष्टि।
देवघर: –जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में बाइक, मोबाइल और नकदी लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के झालर निवासी चंद्रशेखर ठाकुर और कुरेवा निवासी नितीश यादव के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की विस्तृत जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 23 अगस्त की शाम करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच मोहनपुर थाना को लूट की घटना की सूचना मिली थी। घटना में बाइक सवार पीड़ित के साथ तीन अपराधियों ने मारपीट कर उसकी बाइक, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी और मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में मोहनपुर थाना में कांड संख्या 141/2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
मामले की जांच और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की भूमिका और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है। #crimenews #deogharpolice #mohanpur #lutpaat #khabardeogharlive