
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ, 4 माह में 3594 गिरफ्तारियां, जिला जेल क्षमता से तीन गुना अधिक भरी।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
डीग। जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में डीग पुलिस की लगातार कार्रवाई से साइबर अपराधियों, अवैध खनन करने वालों और मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी चोट पड़ी है। पिछले चार माह में जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 3594 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 1768 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई का असर जिला कारागार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। 175 बंदियों की क्षमता वाली जिला जेल में वर्तमान में 500 से अधिक विचाराधीन बंदी निरुद्ध हैं, जिससे जेल प्रशासन के सामने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।
15 मार्च 2026 को कार्यभार संभालने के बाद एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए विशेष अभियान चलाए। साइबर अपराध, अवैध खनन और मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई की गई, जिससे जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
जिला कारागार में बंदियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पिछले चार माह में 655 बंदियों को दौसा, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, झालावाड़, अलवर और करौली की जिला जेलों में स्थानांतरित किया गया। इससे पहले भी करीब 300 बंदियों को अन्य जेलों में भेजा जा चुका है।
जिला कारागार में केवल 5 बैरक हैं और उनकी कुल क्षमता 175 बंदियों की है, जबकि वर्तमान में बंदियों की संख्या 500 से अधिक पहुंच चुकी है। क्षमता से कई गुना अधिक बंदियों के कारण सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बनाए रखना जेल प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है।