
बहराइच: परिवार परामर्श केंद्र की पहल से टूटने से बचे 2 परिवार, आपस में हुआ समझौता
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों को बचाने की एक बेहतरीन पहल देखने को मिली है। पुलिस कार्यालय स्थित ‘परिवार परामर्श केंद्र’ ने आपसी विवादों के चलते बिखर रहे 02 परिवारों में सुलह कराकर उन्हें फिर से एक कर दिया है।
पारिवारिक विवादों को लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बहराइच ने प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने शिकायतकर्ता पक्ष की बात को ध्यानपूर्वक सुना और दूसरे पक्ष को पुलिस कार्यालय स्थित केंद्र में बुलवाया।
काउंसलिंग के दौरान पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर उनके मतभेदों को दूर किया। इसका नतीजा यह रहा कि दोनों ही परिवार भविष्य में बिना किसी लड़ाई-झगड़े के साथ रहने और अपने पारिवारिक कर्तव्यों को निभाने के लिए खुशी-खुशी तैयार हो गए। काउंसलिंग के अंत में दोनों पक्षों को एक-दूसरे के साथ सामंजस्य बनाकर रहने की सलाह देकर विदा किया गया।
इस सराहनीय कार्य में समझौता कराने वाली टीम में उप निरीक्षक रमाशंकर मिश्रा, महिला मुख्य आरक्षी संगीता यादव, महिला आरक्षी गिरजावती यादव, महिला आरक्षी निशी त्रिवेदी और महिला आरक्षी सविता मिश्रा की मुख्य भूमिका रही।