
हजारीबाग जिला पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर गहरे सवालों के घेरे में है. सोशल मीडिया में एक वीडियो तेज़ी से घूम रहा है, जिसने हजारीबाग पुलिस की छवि को तगड़ा झटका दिया है. वायरल हो रहे इस सनसनीखेज वीडियो में सीधे तौर पर गश्ती गाड़ी पीसीआर नंबर-5 पर तैनात खाकीधारियों पर एक हाईवा चालक से बीच सड़क पर सरेआम अवैध रूप से पैसे ऐंठने का बेहद गंभीर आरोप लग रहा है. वीडियो के सामने आते ही पुलिस महकमे से लेकर आम जनता के बीच चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म हो गया है. वीडियो हज़ारीबाग़ के कैनरी हिल रोड के पास से गुज़रने वाली हाईवे का बताया जा रहा है .
जहां कैमरे में कैद तस्वीरों के आधार पर दावा किया जा रहा है कि पुलिस की गश्ती गाड़ी पीसीआर नंबर-5 JH-02AN-1204 पर सवार पुलिसकर्मियों ने एक हाईवा संख्या JH-02AE-6962 को रोककर उसके चालक से कथित तौर पर अवैध नजराना वसूला. वायरल क्लिप में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि पीसीआर-5 के जवान हाईवा चालक से हाथ बढ़ाकर पैसे ले रहे हैं. जनता के बीच इस वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिया है. स्थानीय लोगों का साफ़ कहना है इस वीडियो की सच्चाई और इसमें लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह सीधे तौर पर पूरे पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला होगा.
Namkum, Ranchi | Jun 13, 2026